किशोरी बालिका योजना का सीएम ने किया शुभारंभ
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोक भवन लखनऊ में किशोरी बालिका योजना का गुरुवार को शुभारंभ किया है। मुख्यमंत्री ने सुपोषण गाइड का विमोचन भी किया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। जिसे आंगनबाड़ी व मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं तथा सीडीपीओ ने ब्लॉक मुख्यालयों पर एकत्र होकर देखा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किशोरी बालिका योजना के तहत आठ मार्च को स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर किशोरियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। उन्होंने योजना के क्रियान्वयन के लिए जिम्मेदारों को आवश्यक दिशानिर्देश दिया।उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि की घोषणा की। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1500 रुपये वृद्धि की घोषणा की। इनके अलावा मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1250 रुपये और सहायिकाओं के मानदेय में 750 रुपये वृद्धि की घोषणा की। प्रसारण के दौरान सदर ब्लॉक सभागार में मौजूद सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि भाजपा सरकार ने जो वादा किया था, उसे पूरा किया है। मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मां यशोदा के समान बताया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अपने दायित्व का जिम्मेदारी से निर्वहन करना चाहिए। सीडीओ पवन अग्रवाल भी सदर ब्लॉक परिसर पहुंचे।