एनएच 730 फरेंदा मार्ग मौसम के बदलने के दौरान आते जाते लोग।
आज और कल बारिश के आसार, किसानों की बढ़ी चिंता
महराजगंज। शहर समेत पूरे जिलों में शुक्रवार की दोपहर बाद अचानक मौसम बदल गया। दोपहर करीब एक बजे के बाद तेज हवा के साथ आसमान में काले बादल छाए गए। शहर में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। कुछ देर तक हवाएं चलीं और बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को भी मौसम खराब रहने की संभावना जताई है।
शुक्रवार की सुबह हल्की धूप निकली। दोपहर करीब एक बजे अचानक मौसम बदल गया। आसमान में बादल छा गए। दोपहर बाद करीब 1.30 बजे तेज हवा चलने से सड़कों पर धूल उड़ने लगी, जिससे बाइक सवारों को परेशानी उठानी पड़ी। इस बीच हल्की बूंदाबांदी भी हुई। इससे मौसम सुहाना हो गया।
उधर, आसमान में बादल देख किसानों की चिंता बढ़ गई। किसानों का कहना है कि खेत में सरसों की फसल पककर तैयार है, ऐसे में यदि तेज हवा के साथ बारिश होती है तो तिलहन की फसल को नुकसान पहुंचेगा। मौसम विभाग ने 21 और 22 मार्च को मध्यम वर्षा के साथ बिजली चमकने और तेज सतही हवा चलने की संभावना है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आने वाले पांच दिनों तक मौसम का अधिकतम तापमान 28 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि सुबह के समय सापेक्षिक आर्द्रता 67-88 प्रतिशत और शाम के समय सापेक्षिक आर्द्रता 36 से 67 प्रतिशत के बीच रहने की उम्मीद है। पूर्वी दिशाओं से तेज हवा चलने के साथ चार से 17 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चलने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि पूर्वानुमानित अवधि के दौरान बादलों के साथ गरज के साथ तूफान होने की संभावना है। जिले में 21 व 22 मार्च को आसमान में बादल छाने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।