हाकिमों के दर पर स्वच्छता अभियान बेदम
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। जिले में स्वच्छता अभियान दम तोड़ रही है। इसका नमूना देखना है तो कलेक्ट्रेट के ऊपरी तल पर आइए। यहां हर जगह कूड़े के ढेर दिख जाएंगे। सफाई की बदहाल व्यवस्था देख स्वच्छता अभियान की हकीकत पता चल जाएगी। कोने में कूड़े के ढेर लगे दिख जाएंगे। इसके अलावा अन्य स्थानों पर भी सफाई व्यवस्था ठीक नहीं है।
यहीं हाल विकास भवन का है। यहां भी कूड़े के ढेर दिख जाएंगे। बीएसए और डीआईओएस दफ्तर के पास भी सफाई व्यवस्था ठीक नहीं है।कलेक्ट्रेट में ऊपरी तल, नगरीय विकास अभिकरण, जिला पूर्ति कार्यालय में प्रवेश से पहले कोने में कूड़े का ढेर दिख जाएगा। पेड़ के पास कूड़ा एकत्र है। इन कार्यालयों में आने वाले लोगों को नाक बंद कर जाना पड़ता है। यही हाल विकास भवन का है। यहां जिला कृषि अधिकारी कार्यालय के सामने वाले बरामदे के पास बना शौचालय बदहाल है। शौचालय की हालत यह है कि यहां कोई जाना नहीं चाहता है। इन दिनों शौचालय का फर्श पानी में डूबा रहता है। शौचालय के अंदर गंदगी है। दुर्गंध के कारण कोई कर्मचारी इस शौचालय का प्रयोग नहीं करता है। पान की पीक दीवार पर साफ दिख जाएगी। सरकार जहां स्वच्छता पर जोर दे रही है, वहीं अधिकारी व कर्मचारी सरकार की मंशा पर पानी फेर रहे हैं।