- अध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी ने पालिका के कर्मियों के साथ बैठक कर दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। नगर पालिका क्षेत्र के प्रमुख मार्गों व उनसे जुड़े नाले व नालियों की नियमित रूप से सफाई की जाए। शिथिलता सामने न आए। सफाई नायक भी कार्य को बेहतर ढंग से कराना सुनिश्चित करें।
ये निर्देश नगर पालिका की अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल ने मंगलवार को नगर पालिका में सफाई कर्मियों के साथ बैठक करते हुए दिए। उन्होंने कहा कि अन्य बुनियादी सुविधाओं की बहाली के भी प्रयत्न किया जाए। अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार मिश्रा ने कहा कि बरसात से पहले जहां आवश्यक हो वहां मशीन से व अन्य स्थलों पर कर्मियों के माध्यम से ही सफाई कार्य कराया जाए।
सड़क के किनारे कुछ पौधे गर्मी की वजह से सूखने के कगार पर हैं, ऐसे में उसमें पानी भी डाला जाए। पेयजल की व्यवस्था बाधित न होने पाए। यदि कहीं से भी ऐसी समस्या सामने आ रही है तो उसका त्वरित निदान कराया जाए। इस दौरान प्रधान लिपिक मोहम्मद शमीम, जलकल लिपिक अखिलेश पांडेय, सफाई नायक लालबहादुर, इंद्रासप, संदीप आदि कर्मी मौजूद रहे।