नौतनवा। कस्बे के उस्मान नगर वार्ड में रविवार रात एक-दूसरे को चिढ़ाने की बात को लेकर युवकों के दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और पंच से हमला होने लगा। मारपीट में आठ लोगों के सिर फट गए और कई अन्य को भी चोटें आईं।
विज्ञापन
बताया गया कि नहर की तरफ युवकों के दोनों गुटों में पहले कहासुनी और गाली-गलौज हुई। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। एक पक्ष से गुरदीप, कुलदीप, राजवीर और दुर्गेश, जबकि दूसरे पक्ष से मुकेश, महेश, संतोष, गंगू और विकास घायल हुए।
मामला थाने पहुंचने पर एक पक्ष की दुर्गावती और दूसरे पक्ष की शारदा ने तहरीर देकर एक-दूसरे पर आरोप लगाए और कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के कुल नौ लोगों को त्योहार में शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में पाबंद कर न्यायालय चालान किया गया है।