आचार संहिता का उल्लंघन करने वाले दावेदारों पर दर्ज होगा केस
- फोटो : अमर उजाला
निचलौल (महराजगंज)। निकाय चुनाव के मद्देनजर आरओ निचलौल व सिसवां ने नगर पंचायत के अध्यक्ष व सदस्य पद के लिए चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों के साथ सोमवार को तहसील सभागार में बैठक की। इस दौरान उन्होंने प्रत्याशियों को चुनाव आचार संहिता का पालन करने को कहा। साथ ही आगाह किया कि चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन होने पर स संबंधित प्रत्याशी के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
बैठक के दौरान आरओ सिसवा एसडीएम देवेश गुप्ता ने प्रत्याशियों से चुनाव खर्च से संबंधित मांगी। उन्होंने प्रत्याशियों के खर्च रजिस्टर की बारीकी से पड़ताड़ भी की। उन्होंने प्रत्याशियों को चुनाव के लिए निर्धारित से ज्यादा रकम खर्च न करने को लेकर आगाह भी किया। साथ ही आचार संहिता का कड़ाई से पालन करने को कहा। प्रत्याशियों को उन्होंने चेतावनी दी कि आचार संहिता का उल्लंघन करने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आगाह किया कि कोई भी प्रत्याशी दो वाहन से ज्यादा का उपयोग न करे। पकड़े जाने पर वाहन सीज कर दिया जाएगा। प्रचार के लिए दीवारों पर अनावश्यक पोस्टर न चस्पा किए जाएं और समय से चुनाव प्रचार बंद कर दें। शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान गणेश प्रसाद दूबे, शिवनाथ मद्धेशिया, विश्वनाथ मद्धेशिया, प्रदीप कसौधन, अनिल वर्मा, अशोक जायसवाल, बृजेश आदि मौजूद रहे।