फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

: रंगों में सराबोर होने को बेताब हुआ शहर

Thu, 01 Mar 2018 12:24 AM IST
Maharajganj,
विज्ञापन
त्याेहार - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
महराजगंज। आज (गुरुवार) होलिका दहन और कल (शुक्रवार) को होली। ऐसे में पूरा जिला रंगों में सराबोर होने को बेताब है। हर कोई अपनी तैयारियों में जुटा है। कोई रंग गुलाल खरीद रहा है तो कोई पिचकारी देखकर मचल रहा है। किसी को हरा रंग भा रहा है तो कोई लाल रंग का दीवाना है। महिलाएं पुआ-पकवान का मेन्यू बना रही हैं तो पुरुष मित्र मंडली की चौकड़ी जमाने की योजना। इन सबके बीच, प्रशासन होली को लेकर पूरी तरह चौकस है। जिलाधिकारी ने त्योहार शांति पूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस को तय समय पर नमाज अदा कराने का निर्देश दिया है। साथ ही होली के जुलूसों पर भी कड़ी नजर रखने को कहा गया है।  
विज्ञापन

जिलाधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह ने अधिकारियों को जुलूस के रास्ते में पड़ने वाले मस्जिदों को चिन्हित करने और दोनों पक्षों के 5-5 लोगों को जिम्मेदार बनाकर सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया है, जिससे कि नमाज तथा होली में किसी तरह खलल न पड़े। डीएम ने कहा कि होली के मददेनजर अवैध शराब की खरीद-बिक्री पर कड़ी नजर रखने को कहा है। बिना अनुमति लिए किसी भी जुलूस में डीजे अथवा लाउडस्पीकर बजाने पर रोक लगाई गई है। 
होली पर अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। वे अपने-अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमण करेंगे। पुलिस को उपद्रव करने वालों से सख्ती से निपटा का निर्देश दिया गया है। एसपी आरपी सिंह ने कहा कि जिले के सभी थानेदारों को क्षेत्र में पेट्रोलिंग बढ़ाने को कहा गया है। इसके अलावा सीओ क्षेत्र की हर हलचल पर नजर रखेंगे। होली के दिन कहीं भी गड़बड़ी होने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंचेगी।
विज्ञापन

-----


नगरवासियों को मिलेगी 24 घंटे बिजली, पानी
चार प्रमुख चौराहों पर रहेंगे पानी टैंकर, सभी वार्डों में होगी साफ-सफाई

महराजगंज। होली के दिन नगर के सभी 25 वार्डों में 24 घंटे बिजली और पानी की आपूर्ति कराई जाएगी। सभी वार्डों की साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। चार प्रमुख चौराहों पर पानी के टैंकर भी रहेंगे। आवश्यकता पड़ने पर लोगों को पानी उपलब्ध कराने के लिए भी एक टैंकर तैयार रखा जाएगा। नगर पालिका परिषद महराजगंज के अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल ने कहा कि होली को लेकर पालिका प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। त्योहार को देखते हुए सभी वार्डों में सफाई तेज कर दी गई है। साफ-सफाई काम में लापरवाही बरतने वाले सफाई कर्मियों को चिन्हित किया जा रहा है।
------------------
इन चौराहों पर उपलब्ध रहेगा पानी टैंकर
सक्सेना चौक, मउपाकड़ चौक, उद्योग चौराहा तथा हनुमानगढ़ी चौक।
------------------

सफाई कार्य का औचक निरीक्षण शुरू
नगर पालिका अध्यक्ष होली पर नगर की साफ सफाई को लेकर गंभीर हैं। उन्होंने वार्डों का औचक निरीक्षण शुरु कर दिया है। बुधवार को वे राजीव नगर वार्ड में निरीक्षण करने पहुंचे। वहां एक कर्मी सफाई करता मिला, जबकि दूसरे का पता नहीं चला। अध्यक्ष ने सफाई नायक को तत्काल उस कर्मी की सेवा रोकने को कहा है। 


-----

फोटो:-
स्कूलों में बच्चों ने उड़ाए रंग-गुलाल
महराजगंज। बुधवार को नगर के तमाम स्कूलों में बच्चों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली खेली। नगर के कॉस्मोपोलिटन स्कूल, आइडियल लिटिल कान्वेंट स्कूल अशोक नगर, सेंट जेवियर्स स्कूल, सेंट जोसेफ स्कूल, माइल स्टोन हेरिटेज, पैरामाउंट स्कूल में बच्चों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाए। धनेवा धनेई प्राथमिक विद्यालय के बच्चों ने भी होली खेली। जीएसवीएस इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य विजय बहादुर सिंह ने कहा कि होली का त्योहार सभी को मिलजुल कर मनाना चाहिए। लिटिल एंजल स्कूल चौक बाजार में भी बच्चों ने जमकर होली खेली। 

-----------
दफ्तरों में भी खेली गई होली
- सरकारी दफ्तरों में भी बुधवार को कर्मचारियों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली खेली। विकास भवन, कलेक्ट्रेट, स्वास्थ्य विभाग समेत अन्य विभागों के साथ ही निजी संस्थानों में भी होली की धूम रही। 
----------



होली की छुट्टी न लेने पर इनाम देगा परिवहन निगम
- परिवहन निगग के एमडी ने होली पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्था की है। उन्होंने होली की छुट्टी न लेने वाले चालकों व परिचालकों को इनाम देने की व्यवस्था कराई है। बस स्टेशन के बाबू कृति प्रकाश नायक ने कहा कि एमडी ने निर्देश दिया कि होली को ध्यान में रखते हुए पुरस्कार की व्यवस्था जिले में 26 फरवरी से लागू है, जो 5 मार्च तक चलेगी। इसके तहत जिले के चालक और परिचालक यदि छुट्टी नहीं लेते है और 3000 किलोमीटर से अधिक दूरी तय करते हैं तो उन्हें आरएम द्वारा इनाम दिया जाएगा।
-------

लोगों ने किया गांव का रुख
होली पर शहर में रहने वाले लोगों ने गांव का रुख कर लिया है। ऐसे में बुधवार को नगर में बस स्टेशन पर लोगों की भीड़ देखी गई। परिवहन निगम की ओर से भी भीड़ को संभालने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। निचलौल डिपो में भी अतिरिक्त बसें लगाई गई हैं। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गोरखपुर और ठूठीबारी रूट पर पर्याप्त बसें लगाई गई हैं।
विज्ञापन

--------------
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें