दो दिवसीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का हुआ समापन, एसडीएम ने शील्ड देकर सम्मानित किया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरेंदा। जयपुरिया इंटर कालेज के मिनी स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन बृहस्पतिवार को हुआ। जहां छितही बुजुर्ग प्रतियोगिता का ओवरआल चैम्पियन बना। खजुरिया दूसरे व लेजार महदेवा तीसरे स्थान पर रहे। मुख्य अतिथि एसडीएम रमेश कुमार ने खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर हौसला बढ़ाया।
प्रतियोगिता में ओवरआल चैम्पियन छितही बुजुर्ग को 169 अंक, दूसरे स्थान पर रहे खजुरिया को 118 अंक व तीसरे स्थान पर रहे लेजार महदेवा को 62 अंक मिले। कबड्डी प्राथमिक बालक वर्ग में छितही बुजुर्ग विजेता व लेजार महदेवा उप विजेता बने। बालिका वर्ग में लेजार महदेवा विजेता व छितही बुजुर्ग उपविजेता बने। कबड्डी उच्च प्राथमिक बालक वर्ग में खजुरिया विजेता व सिंहपुर अयोध्या उपविजेता बने। बलिका वर्ग में छितही बुजुर्ग विजेता व खजुरिया उपविजेता रहे।
मुख्य अतिथि एसडीएम रमेश कुमार ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद बेहद जरूरी है। प्रतियोगिता में जीत व हार नहीं प्रतिभाग करना महत्वपूर्ण होता हैं। ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए प्रतियोगिताओं का आयोजन बेहद जरूरी है। खंड शिक्षा अधिकारी अगनित कुमार ने कहा कि शरीर व मस्तिष्क के विकास के लिए खेलकूद बेहद जरूरी है। इस दौरान विजय प्रताप पांडेय, डॉ. कैलाश नाथ मौर्य, वीरेंद्र मौर्य, ब्रजवल्लभ मिश्रा आदि मौजूद रहे।