महराजगंज। बदलते मौसम के चलते बच्चों के सीने में कफ जम जा रहा है। सांस लेने में तकलीफ हो रही है। ऐसे में अस्पताल की ओपीडी में मरीज उमड़ रहे हैं।बाल रोग विशेषज्ञ बच्चों को भर्ती कर उपचार दे रहे हैं।
बालरोग विभाग की ओपीडी में रोजाना करीब 200 मरीज पहुंचे रहे हैं। बालरोग विशेषज्ञ डॉ. रंजन मिश्रा ने बताया कि बच्चों में इन दिनों कोल्ड और उल्टी की समस्या बढ़ी है। छाती में कफ जमने से संक्रमण बढ़ रहा है, जांच के दौरान कई बच्चों को ब्लड में भी संक्रमण मिला है। साथ ही बच्चों को तेज बुखार आ रहा है। बुखार के साथ मरीजों को हाथ, पैर का दर्द परेशान कर रहा है। पूरे शरीर में दिनभर थकान रहने की शिकायतें लेकर मरीज चिकित्सकों के पास पहुंच रहे हैं। चिकित्सक मरीजों को एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन कम मात्रा में करने की सलाह दे रहे हैं।
पेट के संक्रमण से बुरा हाल
पेट में संक्रमण से लोगों का बुरा हाल है। बुखार के साथ पेट खराब होने की समस्या बढ़ रही है। फिजिशियन चिकित्सकों की ओपीडी में पहुंचने वाले मरीजों ने बताया कि कुछ खाते ही पेट में तेज दर्द होता है, दस्त की समस्या बढ़ रही है। हर आयु वर्ग को यह बीमारी सता रही है।
बचाव का रखें विशेष ध्यान
-बदलते मौसम में कपड़ों का ध्यान रखें
-रखा हुआ खाना बच्चों को न खिलाएं
-ठंडी चीजों का परहेज कराएं
-पानी की कमी न होने दें
-बच्चों को पौष्टिक भोजन दें