निचलौल। ब्लॉक क्षेत्र के मुसहर गांव गिरहिया, बंजारी पट्टी स्थित कम्पोजिट स्कूल में पढ़ने वाले बच्चें स्मार्ट क्लास से शिक्षा हासिल लेंगे। शनिवार को खंड शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा ने स्मार्ट क्लास का फीता काटकर इसका शुभारंभ किया है। ऐसे में इस सरकारी स्कूल के शिक्षक से लेकर बच्चों में खुशी का माहौल है।
सोशल वेलफेयर एंड अपलिप्टमेंट समूह दिल्ली के सदस्य एन जनार्दन राव ने कहा की बच्चों को डिजिटल माध्यम से जोड़ने के लिए समूह के संस्थापक अवधेश अग्रवाल की ओर से विद्यालय को एक स्मार्ट टीवी दिया गया है। इन्होंने आगे कहा की समूह सरकारी प्राथमिक विद्यालयों को स्मार्ट स्कूल बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। क्योंकि उनकी सोच है, कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को निजी विद्यालय की तरह स्मार्ट क्लास तथा उच्च गुणवत्तायुक्त और तकनीकी पर आधारित बेहतर शिक्षा मिल सके। इसी लक्ष्य के माध्यम से समूह की ओर से पूरे प्रदेश के हर जिले में एक सरकारी स्कूल में स्मार्ट टीवी लगवाया गया है। वही खंड शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा और स्कूल के प्रधानाचार्य धन्नू चौहान ने स्कूल में स्मार्ट क्लास लगाने के लिए समूह के सदस्यों का आभार प्रकट किया। इस दौरान ग्राम प्रधान पूनम चौधरी, भूपेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।