सिद्धार्थनगर। बोर्ड परीक्षा में बैठने वाले परीक्षार्थी अच्छे नंबर से परीक्षा उत्तीर्ण कर सकें। इसके लिए उन्हें कई प्रकार की सहूलियत दी जा रही है। परीक्षा की तैयारी अच्छी तरह से हो सके और बच्चे आसानी से याद कर सकें। इसके लिए सोशल मीडिया का गु्रप बनाकर बच्चों को शेयर किया जाएगा। जिसके जरिए वह पढ़ाई करेंगे।
कोरोना काल में विद्यालय बंद हो गए थे। सारी गतिविधियां ठप हो गई थीं। बच्चों की पढ़ाई न रुके इसके लिए ऑनलाइन क्लास की शुरुआत की गई जो सफल रहा है। आज अधिकांश पढ़ाई,मीटिंग आदि ऑनलाइन हो रहा है। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से आयोजित होने वाली हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा 22 फरवरी से प्रस्तावित है। परीक्षा में 60320 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के नजदीक आने के साथ ही बच्चे तैयारी में लगे हुए हैं। बच्चे अच्छे अंक से परीक्षा उत्तीर्ण कर सकें। इसके लिए कई प्रकार के पहल किए जा रहे हैं। कोरोना काल की तरह से हाईस्कूल और इंटर मीडिएट का अलग- अलग गु्रप विद्यालय स्तर पर तैयार किया जाएगा। इसमें विषयवार शिक्षक नोट तैयार करेंगे। इसके बाद गु्रप में शेयर करेंगे। उसी के आधार पर बच्चे तैयारी करेंगे। जिससे परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करके उत्तीर्ण हो सकें। इसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से विद्यालयों को दिशा-निर्देश दिया गया है। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक सोमारू प्रधान ने बताया कि बोर्ड परीक्षा में बच्चे अच्छा नंबर प्राप्त कर सकें। इसे देखते हुए परीक्षा से पहले उन्हें अपडेट किया जाएगा। विद्यालय की ओर से ग्रुप में परीक्षा से संबंधित जानकारी विषयवार भेजी जाएगी। इसके बारे में सभी को निर्देश दिया गया है।