नौतनवां। कस्बे से सटे गैस गोदाम के पीछे बहने वाली डंडा नदी में रविवार को नहाने गया बालक उसमें डूब गया। साथ में मौजूद बच्चों ने शोर मचाया तो इसकी जानकारी पास में मौजूद एसएसबी के जवानों को हुई। देर शाम तक नदी में डूबे बालक का पता नहीं लग पाया। एसएसबी की बचाव टीम बालक को नदी में ढूंढने के प्रयास में जुटी रही।
रविवार को दोपहर बाद विस्मिल नगर मोहल्ले में रहने वाला आयुष (10) मोहल्ले के कुछ बच्चों के साथ डंडा नदी में नहाने गया। अभी बच्चे नदी के किनारे ही थे कि उसी बीच आयुष नदी में नहाने के लिए कूद गया। नदी में कूदते के बाद वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आयुष को नदी में डूबते देख साथ गये बच्चे चिल्लाने लगे। बच्चों के चिल्लाने से पास में ही कैंप कर रहे एसएसबी के जवानों को इसकी जानकारी हुई। बच्चे के नदी में डूबने की जानकारी मिलने पर एसएसबी के जवान मौके पर पहुंचे और नदी में डूबे बालक की तलाश में जुट गए। एसएसबी के जवान देर शाम तक बालक की नदी में तलाश करते रहे लेकिन उनका पता नहीं चल सका। एसएसबी के असिस्टेंट कमांडेंट रितेश कुमार ने बताया कि नदी में डूबे बालक का पता लगाने के लिए गोताखोरों की मदद ली जा रही है।