मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम 25 को, आवेदनों का होगा सत्यापन
महराजगंज। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम के पहले चरण का आयोजन 25 नवंबर को होगा। आयोजन के लिए पात्रता का निर्धारण करते हुए अब खंड विकास अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्र का तथा अधिशासी अधिकारियों को नगरीय क्षेत्र के आवेदन आठ नवंबर तक समाज कल्याण विभाग को उपलब्ध कराने होंगे, जिसका सत्यापन विभागीय कर्मियों से 15 नवंबर तक करा लिया जाएगा। अंतिम रुप से पात्र मिले लोगों को ही विवाह योजना का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत अधिक से अधिक इच्छुक लोगों को लाभ दिलाने के लिए विवाह कार्यक्रम के लिए पांच चरण निर्धारित किए गए हैं। पहले चरण में 25 नवंबर को, दूसरे चरण में 14 दिसंबर को, तीसरे चरण में 28 जनवरी को, चौथे चरण में 22 फरवरी को तथा पांचवें चरण मे 13 मार्च को शादी कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है। पहले चरण में खंड विकास अधिकारियों की ओर से भेजे गए ग्रामीण क्षेत्र के आवेदन तथा अधिशासी अधिकारियों की ओर से आठ नवंबर तक भेजे गए आवेदन का सत्यापन ग्राम विकास अधिकारी अथवा सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण से कराया जाएगा।
जिला समाज कल्याण अधिकारी शंकर लाल ने कहा कि खंड विकास अधिकारी व अधिशासी अधिकारी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह संबंधी आवेदन समय से भेजें, जिससे कि पात्रता के आधार पर आवेदकों का सत्यापन कराया जा सके।