विद्यालयों के कार्यों का होगा मूल्यांकन, परिषद को भेजा जाएगा नाम
महराजगंज। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) की समिति की ओर से परिषदीय विद्यालयों में शैक्षिक गतिविधियों व क्रियाकलापों का आकलन किया जाएगा। सात बिंदुओं पर किए गए अच्छे कार्यों के बारे में प्रधानाध्यापक प्रमाण के साथ संस्थान को आठ नवंबर तक अवगत कराएंगे। संस्थान की ओर से उनमें से सर्वश्रेष्ठ पांच विद्यालयों का नाम चयनित करते हुए 20 नवंबर तक राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद को अवगत कराएंगे।
परिषद(एससीईआरटी) की ओर से मेरा विद्यालय, मेरी पहचान कार्यक्रम के तहत विद्यालय में अच्छा कार्य करने वाले प्रधानाध्यापकों या प्रभारी प्रधानाध्यापकों को निर्धारित सात बिंदुओं पर किए गए उल्लेखनीय कार्यों के विवरण को अधिकतम 500 शब्दों में लिखकर फोटोग्राफ के साथ डायट को उपलब्ध कराना होगा। डायट की तीन सदस्यीय समिति की ओर से उपलब्ध कराए गए विवरण व फोटोग्राफ के मुताबिक दो परिषदीय प्राथमिक व दो पूर्व माध्यमिक विद्यालय तथा एक कंपोजिट विद्यालय का स्थलीय सत्यापन करते हुए चयन किया जाएगा। समिति की ओर से 20 नवंबर तक उसके बारे में फोटोग्राफ व विवरण एससीईआरटी को उपलब्ध कराया जाएगा। समिति की ओर से चयनित प्रधानाध्यापक पुरस्कार के हकदार होंगे।
इस बारे में उप शिक्षा निदेशक डायट अभिजीत सिंह ने कहा कि विद्यालयों में बेहतर शैक्षिक माहौल विकसित करने वाले प्रधानाध्यापक अपना विवरण आठ नवंबर तक प्रस्तुत करें, जिससे कि सत्यापन कर उत्कृष्टता के आधार पर उनका नाम परिषद को भेजा जा सके।
समिति में यह होंगे शामिल
समिति में डायट के उप शिक्षा निदेशक के अतिरिक्त दो प्रवक्ताओं को शामिल किया जाएगा। जो निर्धारित बिंदु के आधार पर उनकी उत्कृष्टता का पता लगाएंगे।
इन सात बिंदुओं पर परखी जाएगी स्थिति
विद्यालय की छात्र संख्या
विद्यालय में छात्रों की औसत उपस्थिति
प्राथमिक विद्यालयों में निपुण लक्ष्य के सापेक्ष छात्रों की सम्प्राप्ति
विद्यालय के प्रत्येक बच्चे को उसकी रुचि के मुताबिक क्रियाओं में प्रतिभागिता
विद्यालय परिसर में सफाई, पर्यावरण संरक्षण व शौचालय की क्रियाशीलता
विद्यालय में पुस्तकालय की व्यवस्था व क्रियाशीलता
समुदाय के सहयोग से विद्यालय में आधारभूत सुविधा