महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के नेतृत्व में 18 फरवरी से आरंभ होने जा रही यूपी बोर्ड परीक्षा के दृष्टिगत परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जीएसवीएस इंटर कॉलेज में बैठक हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि बोर्ड परीक्षा बेहद अहम परीक्षा है और नकल विहीन परीक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
परीक्षा में तैनात सभी अधिकारी सतर्क और सक्रिय रहें क्योंकि छोटी सी भी गलती परीक्षा की शुचिता को प्रभावित कर सकती है। इसलिए सभी को विशेष रूप से संवेदनशील रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सभी केंद्रों पर पेय जल, साफ-सुथरे शौचालय की भी व्यवस्था हो और परीक्षा कक्षों में प्रकाश की समुचित व्यवस्था हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा के पहले सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर लें, यदि कोई कमी हो तो समय ठीक करा लें। उन्होंने डीआईओएस को समस्त केंद्रों पर सीसीटीवी लगवाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी परीक्षा के संदर्भ में जारी निर्देशों का अध्ययन ठीक से कर लें और सभी निर्देशों का कड़ाई के साथ अनुपालन सुनिश्चित करें। इससे पूर्व डीआईओएस द्वारा सभी को संपूर्ण प्रक्रिया और निर्देशों की जानकारी दी गई। यूपी बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी 2026 से 12 मार्च 2026 तक संचालित होगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार, उपजिलाधिकारी निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता, सीओ सदर जेपी तिवारी, डीआईओएस पीके शर्मा, बीएसए ऋद्धि पांडेय उपस्थित रहे।