सिद्धार्थनगर। सर्दी, बुखार और खांसी के रोगियों की संख्या बढ़ने लगी है। माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज सहित सीएचसी और पीएचसी पर पहुंचने वाले अधिकांश मरीजों को यही समस्या है। एकाएक ठंड और तेज बुखार से शरीर टूट रही है। बीमार होने वालों में हर उम्र के लोग शामिल हैं।
विशेषज्ञों के मुताबिक, मौसम का संतुलन सही न होने के कारण लोग बीमार पड़ रहे हैं। कब तापमान अधिक हो जाए और कब कम इसका कोई पता नहीं है। यही वजह है कि लोग अधिक बीमार पड़ रहे हैं। इसमें खानपान के साथ ही रहन सहन पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
जिला अस्पताल के माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में तब्दील होने के साथ ही जांच सहित अन्य प्रकार की सुविधाएं बढ़ीं तो मरीजों की संख्या एकाएक बढ़ने लगी है। सामान्य दिनों में जहां 1200-1500 ओपीडी रहती है। वहीं, मौसम में बदलाव के बाद इस समस्या में 200 से 300 का और इजाफा हो जाता है। इस साल ठंडी के मौसम के समाप्त होने के बाद भी मौसम में लगातार उतार चढ़ाव बना हुआ है।