केंद्रों में कड़े सुरक्षा पहरे में रहेगी परीक्षा सामग्री
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। यूपी बोर्ड की परीक्षा निष्पक्ष व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सोमवार को पंडित दीनदयाल इंटर कॉलेज परिसर में जिले के सभी केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक हुई। इसमें सप्तम मंडल गोरखपुर के संयुक्त निदेशक योगेंद्र सिंह ने प्रधानाचार्यों से केंद्रों पर सुचिता बनाए रखकर नकलविहीन परीक्षा कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने प्रधानाचार्यों को केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाएं, प्रश्न पत्र व अन्य परीक्षा सामग्री कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रखवाने की जानकारी दी। आगाह किया कि इसमें कहीं से भी लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए शिक्षा विभाग सतर्क है। ऐसे में सभी केंद्र व्यवस्थापक पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था अनिवार्य रूप से करें। अगर निरीक्षण के दौरान किसी परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरा नहीं मिला तो केंद्र को निरस्त कर दूसरा केंद्र बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि परीक्षा के समय सभी केंद्रों पर गेट पर ही परीक्षार्थियों की तलाशी ली जाए। इसके बाद परीक्षा के समय भी उन पर कड़ी नजर रखी जाए। इतना ही नहीं जिन विद्यालयों के शिक्षकों की ड्यूटी बतौर कक्ष निरीक्षक लगाई गई हो उन्हें संबंधित केंद्र पर भेज दें। जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने कहा कि सभी केंद्र व्यवस्थापक बोर्ड परीक्षा संबंधी सभी तैयारी पूरी कर लें ताकि परीक्षा अवधि में कोई समस्या न आने पाएं।