केंद्रीय टीम का स्वच्छता सर्वे शुरू
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज (ब्यूरो)। भारत सरकार की पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय द्वारा गठित टीम महराजगंज आ गई है। अवनीश तिवारी के नेतृृत्व में आई पांच सदस्यीय टीम सोमवार से स्वच्छता सर्वेक्षण में जुट गई।
पहले दिन टीम ने जिले के चार ब्लॉकों के चार ग्राम पंचायतों में जाकर स्वच्छता की जमीनी हकीकत देखी। टीम 23 अगस्त तक जिले में रहेगी। टीम कम से कम 7 और अधिकतम 16 ग्राम पंचायतों में जाकर स्वच्छता का जायजा लेगी। सरकार की मंशा के अनुरूप दो अक्टूबर 2018 तक जिले को खुले में शौच मुक्त अर्थात ओडीएफ घोषित कराना है। इसके लिए प्रशासन अभियान चला रहा है। सर्वेक्षण में प्रत्यक्ष निरीक्षण पर 30, नागरिका द्वारा दिए गए फीडबैक पर 35 तथा सर्विस लेबल प्रगति पर 35 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा। सर्वेक्षण के दौरान उक्त टीम ग्राम पंचायतों, सार्वजनिक स्थानों, स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, अस्पतालों, हाट बाजारों आदि का दौरा कर सकती है। नोडल अधिकारी स्वच्छता मनोज त्यागी ने बताया कि टीम ने सर्वेशुरू कर दिया है। टीम पहले दिन बभनौली बुजुर्ग, बड़हरा चरगहा, बल्लो खास तथा बड़हरा इंद्रदत्त में पहुंची। उन्होंने बताया कि यह टीम अभी 21, 22 व 23 अगस्त को भी जिले में स्वच्छता सर्वेक्षण करेगी। टीम किस दिन किस ब्लॉक के किस गांव में जाएगी, इसकी जानकारी नहीं हैं।