पांडेय मुहल्ले में सड़क निर्माण शुरू, बदहाल रास्ते से लोगों को मिलेगी राहत
महराजगंज। नगर पंचायत निचलौल के पांडेय मुहल्ले में लंबे समय से बदहाल सड़क की समस्या जल्द दूर होने की उम्मीद है। पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के तहत गौरव के मकान से हिरदेश अग्रहरी के मकान तक करीब 60 लाख रुपये की लागत से 400 मीटर लंबी सीसी सड़क और नाली का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों में आवागमन की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
पांडेय मुहल्ले की सड़क लंबे समय से खराब होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के साथ बारिश के दौरान जलभराव की समस्या भी बनी रहती थी। इससे पैदल चलने के साथ ही दोपहिया और चारपहिया वाहनों के आवागमन में भी दिक्कत होती थी।
नगर पंचायत निचलौल के अधिशासी अधिकारी विकास कुमार ने बताया कि 19 सितंबर से निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। निर्धारित मानकों के अनुसार सड़क और नाली का निर्माण कराया जा रहा है।