परतावल। श्यामदेउरवा क्षेत्र के हरपुर तिवारी चौराहे पर शुक्रवार की रात मीट की दुकान के पीछे चहारदीवारी में गोवंश बंधा मिला। गोवंश को बंधक बनाए जाने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोवंश को मुक्त कराया और दो सगे भाइयों को हिरासत में ले लिया। ग्राम चौकीदार की तहरीर पर दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार, हरपुर तिवारी निवासी ऐनुल्लाह के बेटे असहाब और अख्तर चौराहे पर मुर्गे और बकरे के मीट की दुकान चलाते हैं। शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे दुकान के पीछे स्थित चहारदीवारी के अंदर एक गोवंश बंधा दिखाई दिया। इसके बाद देखते ही देखते सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने गोवंश को इस तरह बांधकर रखने पर नाराजगी जताई और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को शांत कराया और गोवंश को मुक्त कराया।
थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि लक्ष्मीपुर जरलहिया के ग्राम चौकीदार सुबाष की तहरीर पर असहाब और अख्तर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।