दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस कर रही पूछताछ
संवाद न्यूज एजेंसी
परतावल। कस्बे के एक निजी अस्पताल के डॉक्टर की लापरवाही के चलते नवजात शिशु की मौत हुई थी। मामले में पुलिस ने प्रसव पीड़िता की सास मीरा देवी के तहरीर पर अस्पताल संचालक व आरोपी डाॅक्टर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज हुआ है। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के अंध्या टोला रसूलपुर निवासी कमलेश की पत्नी अनुराधा (25) को प्रसव पीड़ा हुई थी। परिजन 11 अक्तूबर को पहले उसे परतावल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टर ने कहा कि अभी समय नहीं हुआ है तथा खून भी कम है, लेकिन दर्द ज्यादा होने की वजह से परिजन अस्पताल में काफी परेशान थे। इसी का फायदा उठाकर वहां मौजूद एक दलाल ने उन्हें अपने झांसे में ले लिया और सीएचसी से थोड़ी ही दूरी पर स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव पीड़िता को भर्ती करा दिया। 12 अक्तूबर की देर रात लगभग 11 बजे महिला ने बच्चे को जन्म दिया। थोड़ी ही देर बाद बच्चे की हालत गंभीर होने लगी। निजी अस्पताल के डाक्टर ने बच्चे को गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कर दिया, जहां शनिवार देर रात बच्चे की मौत हो गई। परिजन बच्चे के शव को लेकर परतावल निजी अस्पताल पर ले गए, जहां प्रसूता का इलाज चल रहा था। रविवार सुबह परिजनों ने निजी अस्पताल के डाॅक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया था।
चौकी प्रभारी परतावल अनघ कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी अस्पताल संचालक निशांत व तथाकथित डाॅक्टर अभिनव के खिलाफ धारा 304 के तहत केस दर्ज कर जांच की जा रही है।