आरोपी ने व्यवसाय के लिए लिया था 1.80 लाख रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के हरखपुरा गांव के रहने वाले आरव पटेल ने एक व्यक्ति से व्यवहार बनाकर व्यवसाय करने के लिए पहले रकम ली। फिर रकम वापस करने के बजाय उसे हड़प ली। मामले में घुघली पुलिस ने पीड़ित व्यक्ति की तहरीर पर आरोपी व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच पड़ताल में जुट गई है।
रुधौली भावचक निवासी समरपाल यादव ने पुलिस से बताया है कि हरखपुरा गांव के रहने वाले आरव पटेल ने व्यवहार में उनसे व्यवसाय के लिए बीते जनवरी माह में 1,80,000 रुपये लिया थे। रकम लेने के दौरान आरव पटेल ने वादा किया था कि एक माह बाद ली गई रकम को वापस कर देंगे। लेकिन रकम वापस नहीं की। रकम की मांग करने पर केवल आश्वासन देकर दौड़ा रहे थे। इसी बीच 15 अक्तूबर को आरव पटेल के घर पहुंच रकम वापस करने की मांग की।
जिस दौरान आरव की ओर से चेक दिया गया। चेक लेकर बैंक पहुंचने पर बैंक कर्मियों की ओर से चेक पर ओवर राइटिंग की बात कहते हुए उन्हें बैंक से वापस कर दिया। ऐसे में आरव पटेल ने उन्हें धोखे में रखकर 1,80,000 रुपये को हड़प लिया है।
घुघली थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज राय ने कहा कि मामले में आरोपी आरव पटेल निवासी हरखपुरा थाना घुघली के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।