कुशीनगर की युवती की शिकायत पर महराजगंज के उपनिबंधक व साथी पर कार्रवाईसंवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। उप निबंधक (रजिस्ट्रार) सदर राकेश राम और दो अन्य लोगों के खिलाफ मंगलवार देर शाम सदर कोतवाली में कुकर्म, दुष्कर्म, मारपीट और साजिश रचने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज हुआ है। कुशीनगर की एक युवती की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की है। जवाब में उपनिबंधक ने भी युवती के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में युवती ने आरोप लगाए हैं कि उपनिबंधक राकेश राम ने उसे कई बार मारापीटा और अपने सहयोगी के साथ शारीरिक संबंध बनाने के साथ कुकर्म भी किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देता था। युवती ने राकेश पर जबरन इस्लाम धर्म ग्रहण करने का दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है।
वहीं, केस दर्ज होने से पहले युवती मंगलवार सुबह 11 बजे उपनिबंधक के कार्यालय गई। उसने राकेश से कहा था कि तुमने मेरी जिंदगी तबाह कर दी। मेरे साथ गलत क्यों किया? आरोप है कि राकेश अपशब्द कहते हुए कुर्सी से उठा और युवती को पीटना शुरू कर दिया। उसके इशारे पर सहकर्मियों ने भी पीटा। इससे युवती की नाक से खून बहने लगा। इसके बाद युवती शिकायत करने कोतवाली पहुंची। कोतवाल रवि कुमार राय को पूरी बात बताई। बताया कि वर्ष 2018 में कुशीनगर में राकेश की तैनाती के दौरान वह जमीन के एक मामले में उससे मिली थी। काम कराने का झांसा देकर राकेश ने उसे अपने जाल में फंसा लिया। शादी करने का वादा कर यौन शोषण करने लगा। इसी दौरान राकेश ने उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। करीब दो साल पहले कुशीनगर से राकेश का तबादला महराजगंज हो गया। यहां आने के बाद भी वह संबंध बनाने के लिए दबाव बनाता रहा। नहीं मानने पर वीडियो वायरल करने की धमकी देता।
एक बार वह अपने दोस्त को भी साथ लाया था। उसने जबरन संबंध बनाया था। युवती ने पुलिस को बताया कि दो साल से वह दिल्ली में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रही है, लेकिन राकेश उसका पीछा नहीं छोड़ रहा। तंग आकर वह राकेश से मिलने उसके दफ्तर पहुंची। उससे पूछा कि आखिर वह उसे तबाह करने पर क्यों तुला है? इस पर उसने मुझे मारापीटा।