पिकअप की चपेट में आई कार, एक की मौत, तीन घायल
फरेंदा(महराजगंज)। महराजगंज-फरेंदा मार्ग पर करहिया पुल के समीप अनियंत्रित पिकअप की चपेट में कार आ गई। कार चालक की घटनास्थल पर मौत हो गई। उसमें सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया।
सिद्धार्थनगर जिले के बांसी के सोनखर गांव निवासी मोहम्मद समीम (36) कार से भाई व अन्य दो लोगों के साथ महराजगंज किसी काम के सिलसिले में जा रहे थे। फरेंदा से आगे करहिया पुल के समीप महराजगंज से शराब लाद कर जा रही पिकअप की चपेट में आ गए। कार चालक मोहम्मद समीम की घटनास्थल पर मौत हो गई। कार में सवार मोहम्मद वसीम (32), जाहिद अली (40) व महेश निषाद गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच करकार चालक को गाड़ी से बाहर निकलवाया तथा सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले गए, जहां से मनीष को रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। थोड़ी ही देेर बाद परिजन अस्पताल पर पहुंच गए। मृतक के भाई ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में सीओ सुनील दत्त दूबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। वाहन को कब्जे में ले लिया गया है।
करहिया पुल पर अक्सर हो रहीं दुर्घटनाएं
फरेंदा। महराजगंज मार्ग पर स्थित करहिया पुल के समीप आए दिन बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं। इससे राहगीरों में भय बना हुआ है। कुछ ही दिन पहले बरात से भरी कार ट्रक से टकरा गई थी, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई थी।