महराजगंज। विद्युत विभाग शासन के निर्देश के क्रम में भिटौली विद्युत उपकेंद्र की दक्षता बढ़ाने जा रहा है। नई व्यवस्था से 200 गांव की बिजली की समस्या दूर हो जाएगी। उपकेंद्र के चार फीडरों से करीब 100 गांवों को आपूर्ति मिलती थी जबकि सटे अन्य गांव को परतावल से सप्लाई मिलती थी।
विद्युत उपकेंद्र भिटौली से जुड़े उपभोक्ताओं को राहत मिलने जा रही है। केंद्र की क्षमता बढ़ाई जा रही है जिसके लिए कार्यदाई संस्था भी नामित हो चुकी है। अबतक इस उपकेंद्र से जुड़े गांव को अतिरिक्त बिजली परतावल और घुघली केंद्र से लेनी पड़ती थी, फिर भी उपभोक्ता अघोषित कटौती व लो वोल्टेज की समस्या झेल रहे थे। क्षमता वृद्धि से पांच एमबीए का यह केंद्र 10 एमबीए का हो जाएगा। क्षमता बढ़ने पर केंद्र 200 गांव को निर्बाध बिजली की आपूर्ति कर सकेगा। अधीक्षण अभियंता विद्युत वाईपी सिंह ने बताया कि भिटौली उपकेंद्र की क्षमता बढ़ाने के लिए कार्यदायी संस्था तय की जा चुकी है। पांच की जगह 10 एमबीए क्षमता होने पर उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।