-तीन माह से बंद चल रहा था मार्ग, यात्रियों को मिली राहत
-संवाद न्यूज एजेंसी
भैरहवा/सोनौली। पाल्पा में सिद्धबाबा में सुरंग निर्माण के लिए तीन माह से रात में बंद चल रहा सिद्धार्थ राजमार्ग शनिवार से पूरी तरह से खोल दिया गया है। एक जनवरी से प्रतिदिन निर्माण कार्य के लिए मार्ग रात्रि 10 बजे से सुबह चार बजे तक हाईवे बंद रहता था। हाईवे खुलने से यात्रियों को काफी राहत मिली है।
सिद्धबाबा सड़क खंड पर लगातार भूस्खलन और दुर्घटनाओं के बाद विकल्प के तौर पर सुरंग का निर्माण शुरू किया गया है। पांच साल के भीतर निर्माण करने में सक्षम होने के लिए फरवरी 2020 में अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए थे। परियोजना के अनुसार अब तक भौतिक प्रगति लगभग 12 प्रतिशत ही है। सिद्धबाबा मंदिर के पास सुरंग के माध्यम से जा सकते हैं और टीनाउ पनबिजली स्टेशन के पास पाल्पा की ओर निकल सकते हैं। सुरंग के निर्माण का ठेका चाइना स्टेट कंस्ट्रक्शन इंजीनियरिंग कंपनी ने लिया है। इस मार्ग से सैकड़ों पर्यटक पोखरा के लिए जाते हैं। यातायात कार्यालय अधिकारी सुरेंद्र श्रेष्ठ ने बताया कि एक जनवरी से 100 दिनों के लिए बंद मार्ग शुरू हो गया है।