एआरटीओ की जांच से घुघली व पुरैना में हड़कंप
महराजगंज। सोमवार एआरटीओ मनोज कुमार सिंह ने पुरैना, शिकारपुर व घुघली में स्कूल वाहनों की जांच-पड़ताल की। इस दौरान तीन स्कूल बस बिना परमिट व फिटनेस के संचालित मिलीं। एआरटीओ ने तीनों बसों को सीज कर दिया।
परिवहन आयुक्त के निर्देश पर एआरटीओ मार्च में बकाया टैक्स व बिना फिटनेस संचालित स्कूल बसों की जांच कर कार्रवाई कर रहे हैं। अब तक पांच स्कूली वाहन फिटनेस न मिलने के चलते सीज किए जा चुके हैं और 12 का चालान किया गया है। सोमवार को एआरटीओ मनोज कुमार सिंह जांच के लिए घुघली रूट पर पहुंचे। इस दौरान नगर पंचायत घुघली में विभिन्न निजी स्कूलों के वाहन चेक किए। इनमें तीन स्कूल बसें ऐसी मिलीं जिनके पास फिटनेस और परमिट तक नहीं था। एआरटीओ ने नाराजगी जाहिर करते हुए तीनों बसों को सीज कर दिया। साथ ही इसकी जानकारी बीएसए व डीआईओएस को देकर स्कूल प्रबंधकों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की।
वर्जन
स्कूल बस सबसे महत्वपूर्ण हैं क्योंकि इससे छोटे बच्चे स्कूल आते-जाते हैं। ऐसे में बिना फिटनेस चल रहे वाहन खतरा उत्पन्न कर सकते हैं। जनपद में बिना फिटनेस कोई भी स्कूल बस संचालित नहीं होने दिया जाएगा।
-मनोज कुमार सिंह, एआरटीओ, महराजगंज।