परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल चौराहे पर शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। महाराजगंज रोड स्थित बाइक एजेंसी के पास सड़क किनारे खड़ी डीसीएम में यात्री बस जा घुसी। हादसे में बस में सवार पांच यात्री घायल हो गए, हालांकि सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसा रात करीब 1:30 बजे हुआ। बस में दो दर्जन से अधिक यात्री सवार थे, जो गोरखपुर के गीडा थाना क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर-5 से नेपाल के मदरिया पहाड़ स्थित मेले में शामिल होने जा रहे थे।
यात्रियों के अनुसार, घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई थी। बस चालक पानी पी रहा था इस बीच बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी डीसीएम से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में आलोक (22), आकाश (21), ओमप्रकाश (55), मीना देवी (40) और तारा देवी (45) घायल हो गए। सभी को मामूली चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही परतावल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। चौकी प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि सभी घायल सुरक्षित हैं।