महराजगंज। बीएसएनएल के अच्छे दिन लौटने लगे हैं। इन दिनों आठ से 10 गुना तक सिम की बिक्री बढ़ गई है। पोर्टबिलिटी कराने वालों की कतार भी लंबी हो गई है। निजी कंपनियों के टैरिफ महंगे होने से ग्राहकों का रुझान बीएसएनएल की ओर बढ़ा है।
बीएसएनएल महज 1999 रुपये में ग्राहकों को एक साल का प्लान दे रहा है। जोकि निजी कंपनियों में तीन हजार से अधिक का हो चुका है। बीएसएनएल के सभी एक्सचेंज और फ्लैक्सी कार्यालयों से एक माह पहले रोजाना बामुश्किल दो से पांच सिम ही बिक पाते थे, लेकिन निजी कंपनियों ने जब से अपने टैरिफ महंगे किए हैं तब से प्रतिदिन 200 से अधिक सिम की बिक्री हो रही है।
इतने ही ग्राहक अपने नंबर पोर्ट कराने के लिए बीएसएनएल कार्यालय पहुंच रहे हैं। ग्राहकों के रुझान को देखते हुए बीएसएनएल ने आकर्षक प्लान निकाल दिए हैं। एक से दो जीबी प्रतिदिन डाटा, अनलिमिटेड कॉल, मैसेज और गेमिंग की सुविधा दी जा रही है। एक साल के प्लान की बात करें तो ग्राहकों को यह महज 1999 रुपये में मिलेगी।
वहीं 128 रुपये में 28 दिन और 59 रुपये में एक सप्ताह का प्लान भी मिल रहा है। कुछ तो नया सिम दूरसंचार विभाग के ऑफिस पहुंचकर ले रहे हैं, कुछ अपना नंबर पोर्ट करवाकर सस्ती संचार सेवा से जुड़ रहे हैं।
यह हैं बीएसएनएल के प्लान-
- 59 रुपये-सात दिन के लिए प्रतिदिन एक जीबी डाटा, अनलिमिटेड कॉल।
-107 रुपये-35 दिन के लिए 200 मिनट कॉलिंग, तीन जीबी डाटा।
-128 रुपये-28 दिन तक अनलिमिटेड कॉल, एक जीबी प्रतिदिन डाटा, 100 मैसेज।
-249 रुपये-45 दिन तक अनलिमिटेड काॅल, दो जीबी प्रतिदिन डाटा, 100 मैसेज, फ्री ट्यून, तीन गेम।
बीएसएनएल के सिम की प्रतिदिन बिक्री में आठ से 10 गुना तक बढ़ोतरी हुई है। पोर्ट कराने के लिए भी ग्राहक पहुंच रहे हैं। ग्राहकों के लिए कंपनी ने आकर्षक प्लान निकाले हैं, जिसका लाभ लोग उठाने लगे हैं।
-सुबोध कुमार, एसडीओ बीएसएनएल