फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharajganj News: रोडवेज बसों में गोरखपुर तक आती है ब्राउन शुगर, कैरियर पहुंचा रहे नेपाल

विज्ञापन
विज्ञापन
महराजगंज/निचलौल। शहर के नवीन सब्जी मंडी के पीछे से होकर गुजरी नहर पटरी मार्ग से शनिवार रात में आबकारी और एसएसबी की संयुक्त टीम ने एक बाइक सवार युवक को गिरफ्तार कर लिया। युवक के पास से टीम 12 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ। ब्राउन शुगर के धंधे में रोडवेज बसों का धंधेबाज प्रयोग कर रहे हैं। यह तरीका उनके लिए काफी हद तक सुरक्षित भी है। इसका खुलासा गिरफ्तार युवक ने टीम के पूछताछ में किया। ऐसे में धंधेबाजों के खिलाफ अब सुरक्षा एजेंसियां सख्त कार्रवाई की योजना तैयार करने में जुट गई हैं।
विज्ञापन

आबकारी निरीक्षक वैभव कुमार यादव ने बताया कि वह टीम के साथ क्षेत्र के ओडवलिया चौराहे पर दुकानों की जांच कर रहे थे। इसी बीच सशस्त्र सीमा बल के कुछ कर्मी मिल गए। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि निचलौल में नशीले पदार्थ की तस्करी कर बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त टीम के साथ नवीन सब्जी मंडी के पीछे से होकर गुजरी नहर पटरी मार्ग का घेराबंदी कर एक बाइक सवार संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर 12 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ। युवक ने पूछताछ में अपना नाम मिथिलेश कन्नौजिया निवासी अमरपुरा चौराहा सिसवा बाज़ार थाना कोठीभार बताया है। आरोपी युवक ने आगे कहा कि वह ब्राउन शुगर को बेचने के लिए ग्राहक ढूंढ रहा था।
पूछताछ के दौरान आबकारी टीम के लोग तब हैरान हो गए जब मिथिलेश ने कहा कि ब्राउन शुगर सहित अन्य नशीली सामग्री को गोरखपुर से लाया जाता है। तस्करी के लिए रोडवेज बसों का प्रयोग किया जाता है। यह उन लोगों के लिए सुविधा के साथ ही काफी सुरक्षित रहता है। क्योंकि बस चालक और कंडक्टर को चंद रुपये देने पर वह लोग पूरी तरह से पैक नशीली पदार्थों को मामूली सामान समझकर डिमांड के मुताबिक सिंदुरिया, निचलौल और ठूठीबारी तक पहुंचा देते हैं। उसके बाद वह लोग नशीले पदार्थों को लेकर सीमावर्ती क्षेत्रों के ग्राहकों के साथ ही नेपाल तक पहुंचा देते हैं। ब्राउन शुगर की अधिकांश डिमांड नेपाल में होती है। गिरफ्तार युवक के मोबाइल में नेपाल का सिम भी बरामद हुआ है।
विज्ञापन

आबकारी निरीक्षक ने आगे कहा कि मामले की सूचना संबंधित विभाग के क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सहित अन्य जिम्मेदारों को दी गई है। आगे से रोडवेज बसों के चालक और कंडक्टर बगैर जांच-परख के कोई सामान न रखें। इतना ही नहीं आगे से टीम गठित कर इसकी जांच भी की जाएगी। आरोपी मिथिलेश कन्नौजिया के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
15 हजार रुपये के लिए काम करते हैं कैरियर : गिरफ्तार मिथिलेश ने टीम की पूछताछ में खुलासा किया है कि वह लोग कैरियर के रूप में काम करते है। ब्राउन शुगर का एक खेप बेचने पर उन्हें 15 हजार रुपये मिलते हैं। अधिकांश युवा मोटी रकम कमाने के लिए इस धंधे से बेहिचक जुड़ जाते हैं। वह पिछले तीन महीने से यह कार्य कर रहा था। मुख्य धंधेबाजों की ओर से उन लोगों को छोटे पैकेट में ब्राउन शुगर उपलब्ध करा दिया जाता है। फिर उसे सुरक्षित जगहों पर पहुंचाना या ग्राहकों से बेचना होता है।
गोरखपुर में बैठे है नशीले पदार्थों के धंधेबाज : आरोपी युवक से पूछताछ के मुताबिक नशीली पदार्थों की तस्करी करने वाले धंधेबाज गोरखपुर में बैठे हैं। वे गोरखपुर से लेकर नेपाल तक कैरियर तैयार कर चुके हैं। मुख्य धंधेबाज नशीली पदार्थों को पैकिंग कर कैरियर की मदद से रोडवेज बस अड्डों तक पहुंचाते हैं। फिर उन्हें 50 और 100 रुपये देकर जरूरत का सामान बताकर बार्डर तक कैरियर के पास पहुंचा देते हैं। यही कारण है कि मुख्य धंधेबाज जल्दी गिरफ्त में नहीं आते है।
चार महीने में पांचवीं बार बरामद हई नशीली पदार्थ : निचलौल और ठूठीबारी के सीमावर्ती इलाकों में नशीली पदार्थ बरामद होने का यह कोई पहला मामला नहीं है। क्योंकि पिछले चार महीने में आबकारी और एसएसबी टीम पांचवीं बार नशीली पदार्थ को बरामद करने के साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है। कार्रवाई आंकड़ों के मुताबिक, 22 जुलाई को टीम ने ठूठीबारी थाना क्षेत्र से 35.53 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ बाइक सवार आरोपी धीरज पासवान निवासी गड़ौरा और अनिकेश निवासी लोहरौली थाना ठूठीबारी को गिरफ्तार किया था। 3 अगस्त को निचलौल थाना क्षेत्र से 55.56 ग्राम ब्राउन शुगर को राहुल यादव निवासी रामकोला कुशीनगर से बरामद किया गया था। 5 अक्टूबर को ठूठीबारी थाना क्षेत्र से 245 ग्राम चरस बरामद कर आरोपी सुभान अल्लाह खान निवासी ठूठीबारी और 28 अक्टूबर को निचलौल थाना क्षेत्र से 514 ग्राम गांजा बरामद कर आरोपी इंद्रेश यादव निवासी पांडेय वार्ड नगर पंचायत निचलौल को गिरफ्तार किया गया था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें