देवर व जेठ ने गर्भवती को पीटा, बच्चे की मौत
निचलौल। बढ़या गांव के टोला गोसाईपुर में शुक्रवार को देवर और जेठ और जेठानी में घर में घुसकर गर्भवती की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर तीनों आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को पीड़िता मृत बच्चे को गोद में लेकर थाने पहुंची और तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। गोसाईपुर निवासी हशिबुन निशा ने बताया कि वह आठ माह की गर्भवती थी। शुक्रवार को ससुर सुलमान को देवर और जेठ पीट रहे थे। बचने के लिए वे उसके घर में आकर छिप गए। इससे आक्रोशित जेठ और देवर ने उसकी लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। पेट में दर्द होने पर रविवार को वह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बजही पहुंची। वहां से उसे सीएचसी निचलौल रेफर कर दिया गया। वहां जांच में पता चला की गर्भ में बच्चे की मौत हो गई है।
क्षेत्राधिकारी सुनील दत्त दुबे ने कहा कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास जारी है।