महराजगंज। तापमान बढ़ने के कारण सेहत पर भी इसका असर दिख रहा है। जिला अस्पताल की ओपीडी में आने वालों में ज्यादा सांस, सर्दी, जुकाम, बुखार, खांसी, निमोनिया, दस्त से पीड़ित मरीज आ रहे हैं। मरीजों का इजाज करने के साथ ही डॉक्टर बचाव का तरीका भी बता रहे हैं। ओपीडी में प्रत्येक डॉक्टर के कक्ष में मरीजों की भीड़ लग रही है।
जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन 700 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं, इसमें 200 से अधिक मरीज सर्दी, जुकाम, बुखार, खांसी, निमोनिया, दस्त से पीड़ित आ रहे हैं। भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या भी बढ़ी है। अचानक तापमान बढ़ने से वातावरण में धूल के कण हवा के साथ तेजी से फैल रहे हैं, इससे सांस के मरीज भी बढ़ने लगे है। प्रत्येक दिन 15 से 20 मरीज इलाज कराने आ रहे हैं।
मौसम के दुष्प्रभाव से ऐसे बचें सांस के मरीज धूम्रपान न करें, कोई कर रहा हो, तो उससे दूर रहें, ठंड से एवं ठंडे पेय लेने से बचें, सांस फूलने लगे ऐसा श्रम न करें।
इन लक्षणों को पहचानें
डॉक्टरों के मुताबिक सांस लेने में परेशानी होना, दम घुटना, सांस लेते समय आवाज होना, सांस फूलना, छाती में कुछ जमा हुआ सा या भरा हुआ सा महसूस होना, बहुत खांसने पर चिकना कफ आना, परिश्रम का काम करते समय सांस फूलना आदि लक्षण दमे के होते हैं।
मौसम दिन में ज्यादा गर्म एवं शाम को हल्का ठंड हो रहा है, इससे सेहत प्रभावित हो रही है। ओपीडी में सांस, निमोनिया, बुखार, दस्त, जुकाम आदि के मरीज बढ़े हैं। मरीजों का बेहतर ढंग से इलाज किया जा रहा है।
- डॉ. एवी त्रिपाठी, जिला अस्पताल