निचलौल सिंदुरिया मार्ग स्थित सेमरा ढाला पर सड़क पटरी के किनारे रुकी ट्रक से बाइक पर लादते खाद्या
निचलौल। एफसीआई के गोदाम से कोटेदारों के गोदामों तक पहुंचाने के बीच गरीबों के राशन में कालाबाजारी की जा रही है। जिसका खुलासा सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो के बाद हुआ है। इस मामले में संबंधित ठेकेदार मामले की जानकारी न होने की बात कहते हुए पल्ला झाड़ रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो निचलौल सिंदुरिया मार्ग स्थित सेमरा ढाला का बताया जा रहा है। एफसीआई के गोदाम से कोटेदारों के गोदामों के लिए खाद्यान्न लेकर निकला ट्रक सड़क पटरी पर रुका है। ट्रक से राशन को उतार एक बाइक पर रखा जा रहा है। बाइक पर दो बोरी राशन रखने में दो व्यक्ति लगे हैं। आपूर्ति निरीक्षक बृजेश पांडेय ने कहा कि मामले की जानकारी मिली है। जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संवाद