मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों की नजर शव पर पड़ी तो पुलिस को दी सूचना
मध्य प्रदेश के रीवा जनपद का रहने वाला है मृतक बुजुर्ग, जांच में जुटी पुलिस
चार दिन पूर्व बद्रीनाथ समेत अन्य स्थलों की धार्मिक यात्रा पर निकला था बुजुर्ग
नौतनवा। मध्य प्रदेश के रीवा जनपद से धार्मिक यात्रा पर निकले एक बुजुर्ग का शव मंगलवार की सुबह नौतनवा के राजेंद्र नगर वार्ड स्थित रेलवे अंडरपास के निकट मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान श्रीनिवास सिंह (75) निवासी गायत्री नगर थाना विश्वविद्यालय जनपद रीवा प्रांत मध्य प्रदेश के रूप में हुई।
जानकारी के मुताबिक, श्रीनिवास सिंह मध्य प्रदेश स्थित अपने घर से करीब चार दिन पूर्व बद्रीनाथ समेत अन्य स्थलों की धार्मिक यात्रा पर निकले थे। इस बीच वह नौतनवा आ पहुंचे। आसपास के लोगों के मुताबिक सोमवार की देर शाम वह नौतनवा कस्बा स्थित राजेंद्र नगर वार्ड में रेलवे अंडरपास के निकट रास्ते में ही बैठे हुए थे।
टहलने निकले लोगों की नजर जब उनपर पड़ी तो लोगों ने पूछताछ कर उनके परिजनों की जानकारी लेने का प्रयास किया। लोगों ने बताया कि वह नशे में होने के कारण स्पष्ट रूप से कुछ भी बताने पाने में असमर्थ थे। इसके बाद लोगों ने उक्त बुजुर्ग को रास्ते से हटाकर किनारे कर दिया और अपने-अपने गंतव्य को चले गए। मंगलवार की सुबह जब कुछ लोग मॉर्निंग वॉक पर निकले तो वह व्यक्ति उसी स्थान पर मृत पड़ा मिला।
लोगों ने तत्काल इसकी सूचना नौतनवा पुलिस को दी। सूचना पर थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह एवं चौकी प्रभारी प्रशांत कुमार दुबे मयफोर्स घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की तलाशी ली तो उसकी जेब से एक दवा की पर्ची और मोबाइल बरामद हुआ। मोबाइल से मिले एक नंबर पर पुलिस ने फोन किया तो मृतक की बेटी से बात हुई।
बेटी ने शव की पहचान अपने पिता श्रीनिवास सिंह (75) निवासी गायत्री नगर थाना विश्वविद्यालय जनपद रीवा प्रांत मध्य प्रदेश के रूप में की। शिनाख्त के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह का कहना है कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजन नौतनवा के लिए निकले हैं। शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया है। आवश्यक अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।