बृहस्पतिवार की शाम करीब छह बजे अचानक नाले में कूद गया था युवक
खुशहालनगर। नगर पंचायत घुघली के वार्ड नंबर-2 निवासी धीरेंद्र उर्फ पेंटर (40) का शव शुक्रवार की सुबह हनुमानगढ़ी नाले में उतराया मिला। शव मिलने के बाद परिजन में चीख-पुकार मच गई। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, धीरेंद्र के बृहस्पतिवार को हनुमानगढ़ी नाले में कूदने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और उसकी तलाश शुरू कराई। नगर चौकी प्रभारी ने पुलिस टीम के साथ देर रात तक नाले में अभियान चलाया लेकिन सफलता नहीं मिली। सुबह उसका शव नाले में उतराया मिला। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही घटना की जांच करने में जुट गई है। एसओ घुघली अरविंद सिंह ने बताया कि शव को नाले में से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। साथ ही घटना की जांच भी शुरू कर दी गई है।
भाइयों से अलग, बहन के साथ रहता था धीरेंद्र
चार भाइयों में तीसरे नंबर का युवक धीरेंद्र अपने भाइयों से अलग रहता था। धीरेन्द्र के साथ उसकी बहन भी रहती थी। धीरेन्द्र के पास कमाने के लिए कोई स्थाई काम नहीं था। मगर वह मजदूरी करके अपनी बहन की परवरिश करता था। हर कोई हतप्रभ है कि हरदम हंसते-मुस्कुराते रहने वाले मिलनसार स्वभाव के धीरेंद्र ने आखिर नाले में छलांग क्यों लगाई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक के परिचितों और परिजन से भी जानकारी ली जा रही है।