खुशहालनगर। छोटी गंडक नदी में शनिवार को ग्रामसभा टेढ़वा के काशी छपरा घाट के समीप एक अधेड़ व्यक्ति का शव उतराता हुआ मिलने पर सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची घुघली पुलिस टीम शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई में जुट गई। जानकारी के अनुसार, छानबीन करने पर पुलिस को मृतक के पास से एक आधार कॉर्ड मिला। कॉर्ड पर दर्ज नाम और पता के आधार पर शिनाख्त कराने के लिए परिजनों को सूचना देकर बुलवाया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान रियाजुद्दीन (55) निवासी घाघरुआ खड़ेसर के रूप में की।परिजनों ने बताया कि रियाजुद्दीन 26 मई से ही घर से लापता था और वे उसकी तलाश कर रहे थे। एसओ सूरज कुमार ने बताया कि शव की शिनाख्त हो गई है। कार्यवाही की जा रही है। परिजनों से तहरीर मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।