18 फरवरी को आयोजित होने वाली बोर्ड परीक्षा की तैयारियों में जुटा है महकमा
सिद्धार्थनगर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से आयोजित होने वाली यूपी बोर्ड की परीक्षा को पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है। सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित राजकीय इंटर कॉलेज नौगढ़ से जिले के समस्त परीक्षा केंद्रों के लिए उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण सोमवार से शुरू हो गया है। यह वितरण प्रक्रिया 12 फरवरी तक लगातार चलेगी।
जिले को प्राप्त उत्तर पुस्तिकाओं में हाईस्कूल की ए कॉपी 1,90,563 तथा बी कॉपी 76,225, जबकि इंटरमीडिएट की 1,37,624 ए और 41,287 बी कॉपियां मिलीं हैं। इन उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण परीक्षा केंद्रवार किया जा रहा है, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार और जिलाधिकारी की ओर से नामित नोडल अधिकारी अपर उपजिलाधिकारी शशांक शेखर राय की देखरेख में किया जा रहा है। राजकीय इंटर कॉलेज नौगढ़ के प्रधानाचार्य दयाशंकर यादव ने बताया कि वितरण कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ किया जा रहा है। निर्धारित समयावधि सुबह 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक रखी गई है।
डीआईओएस अरुण कुमार ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण सोमवार से निर्धारित केंद्रों के लिए शुरू किया किया है जबकि, प्रश्नपत्रों का वितरण बोर्ड के निर्देशानुसार बाद में किया जाएगा। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को लेकर भी वही कड़े मानक अपनाए जाएंगे, जो उत्तर पुस्तिकाओं के लिए निर्धारित हैं।