बीएसएफ से छुट्टी पर आए छोटे भाई पर मारपीट का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
महराजगंज। ठूठीबारी थाना क्षेत्र के गड़ौरा गांव में जमीन के पुराने विवाद को लेकर दो भाइयों के बीच हुए खूनी संघर्ष में बड़ा भाई घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया जबकि छोटे भाई का भी उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, गड़ौरा निवासी विजय बहादुर गुप्ता का अपने छोटे भाई से लंबे समय से जमीन का विवाद चल रहा है। विजय बहादुर का आरोप है कि उन्होंने इस संबंध में कई बार पुलिस और प्रशासन से शिकायत की थी। 29 जून को जनसुनवाई पोर्टल पर भी प्रार्थना पत्र दिया गया था लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
आरोप है कि बृहस्पतिवार को दोनों भाइयों के बीच कहासुनी के बाद विवाद हिंसक हो गया। इस दौरान बीएसएफ में तैनात और छुट्टी पर घर आए छोटे भाई ने विजय बहादुर गुप्ता के साथ मारपीट कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
कोतवाली प्रभारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।