जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में अमर उजाला फाउंडेशन व रोट्रेक्ट क्लब की ओर से रक्तदान शिविर लगा
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। अमर उजाला फाउंडेशन व रोट्रेक्ट क्लब यूथ की ओर से रविवार को जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ। इसमें अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा समेत रोट्रेक्ट कृष्ण मोहन गुप्ता, दुर्गेश प्रताप सिंह, नीरज मिश्रा, गोविंद रौनियार, धर्मदेव तिवारी, देवेश कुमार पांडेय ने रक्तदान किया।
डॉ. बीपी सिंह ने रक्तदान से पहले सभी की सेहत की जांच के साथ वजन की तौल भी कराई। शिविर में सबसे पहले रक्तदान करते हुए एडीएम ने कहा कि समाज के हर वर्ग के लोगों को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। रक्तदान में तमाम प्रकार की जांचेें निशुल्क हो जाती हैं। शरीर स्वस्थ रहता है।
रोट्रेक्ट क्लब यूथ महराजगंज के संरक्षक देवेश पांडेय ने बताया कि रक्त के लिए युवा वर्ग को आगे आना चाहिए, तभी किसी की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि संगठन के माध्यम से ऐसे शिविर का आयोजन किया जाता है।
रोटरी क्लब के संस्थापक अध्यक्ष विंध्यवासिनी सिंह ने कहा कि अमर उजाला फाउंडेशन एवं रोट्रेक्ट क्लब का यह संयुक्त प्रयास आने वाले दिनों में जारी रहेगा। शिविर को संचालित कराने में सुधीर त्रिपाठी का विशेष योगदान रहा। इस दौरान नंदलाल तिवारी, मुकेश श्रीवास्तव, विनीत राय, दिलीप कुमार, इसरावती, उमेश सहानी, चंद्रजीत यादव, अमरेन्द्र द्विवेदी आदि उपस्थित रहे।