आदेश के तीन दिन बाद भी पारस्परिक स्थानांतरण की बेबसाइट नहीं कर रही काम
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। अंतरजनपदीय तबादलों के लिए छह जून से ऑनलाइन आवेदन करने का आदेश हो चुका है, लेकिन तीन दिन से वेबसाइट नहीं खुल रही है। ऐसे में शिक्षक परेशान हैं।
बेसिक शिक्षा वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष श्रवण कुमार ने बताया कि स्थानांतरण के लिए शिक्षकों को स्कूल के पांच विकल्पों का चयन ऑनलाइन आवेदन में करना है, लेकिन वेबसाइट खुलने के बाद उसमें जिलों और फिर ब्लॉक का ऑप्शन ही नहीं खुल रहा है। इस बारे में शिक्षक मनोज, नीतीश, कमलेश, देवेंद्र आदि का कहना है कि वेबसाइट में खामियां को जल्द दूर किया जाएं। छह से 14 जुलाई तक स्थानांतरण के लिए आदेश जारी किया गया है।
खंड शिक्षा अधिकारी निचलौल आनंद मिश्रा ने बताया कि वेबसाइट खुलने में दिक्कत आ रही है। खामियां जानने की कोशिश की जा रही। जल्द खामियां दूर होने पर शिक्षक वेबसाइट पर अपना आवेदन अपलोड कर सकेंगे।
इस बार बेसिक शिक्षा विभाग में होने वाले अंतरजनपदीय स्थानांतरण में भारांक की अहम भूमिका होगी। गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को 20 अंक का भारांक व पति व परिजनों के निर्धारित सेवाक्षेत्र में होने पर 10 अंक का भारांक दिया जाएगा। स्थानांतरण के लिए अधिक भारांक मेरिट को बनाने-बिगाड़ने का कार्य करेगा। इस बार स्थानांतरण का लाभ उन्हीं शिक्षिकाओं को मिलेगा, जिन्होंने जिले में अपनी सेवा अवधि का दो वर्ष पूरा कर लिया है। शिक्षकों के लिए पांच वर्ष की शर्त रखी गई है। जिले में कार्यरत शिक्षकों की संख्या के दस प्रतिशत की अधिकतम सीमा तक ही स्थानांतरण किए गए हैं। अंतरजनपदीय स्थानांतरण में ग्रामीण से ग्रामीण व नगरीय से नगरीय क्षेत्र में स्थानांतरण होगा।
आवेदन करने वाले शिक्षकों के लिए निर्धारित भारांक
20 अंक- असाध्य या गंभीर रोग से ग्रसित शिक्षक, पति अथवा पत्नी के साथ अविवाहित पुत्र अथवा पुत्री।
15 अंक- सेवा के प्रत्येक वर्ष के लिए एक अंक (अधिकतम 15 वर्ष)
10 अंक- शिक्षक व शिक्षिका के दिव्यांग होने पर, पत्नी व पति के सरकारी सेवा में होने पर (निर्धारित मानक के मुताबिक), एकल अभिभावक व महिला शिक्षिका।
पांच अंक- राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त शिक्षक अथवा शिक्षिका
तीन अंक- राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक अथवा शिक्षिका
...
कोट
अंतरजनपदीय स्थानांतरण में भारांक की भूमिका अहम होगी। निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले शिक्षकों को ही स्थानांतरण का लाभ मिलेगा।
आशीष कुमार सिंह, बीएसए