बागापार। रोहिन, चंदन, डंडा, छोटी गंडक व नारायणी में धड़ल्ले से अवैध बालू खनन चल रहा है। तस्करी का यह खेल रात 12 बजे से शुरू होता है और भोर के चार बजे तक चलता है।
सोनौली कोतवाली में तो बालू तस्करों के हौसले बुलंद हैं। यहां श्यामकाट घाट से पूरी रात बालू खनन होता है। बालू लदी ट्रालियां कोतवाली के बगल से गुजरती हैं। यह सिलसिला रात 12 बजे तक चलता है, लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी रहती है। ग्रामीणों ने बालू खनन के विरोध में आंदोलन भी किए। अधिकारियों को शिकायती पत्र भी दिए, लेकिन तस्करों पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई।
दूसरी तरफ प्रशासन की सुस्त रवैये से बालू माफियाओं के हौसले दिन व दिन बुलंद होते जा रहे हैं। बात करें नौतनवा थाना क्षेत्र की तो यहां का हाल बहुत खराब है। रोहिन एवं डंडा नदी से बालू निकालकर मंडियों में पहुंचाया जा रहा है। खनन के इस खेल में खोरिया और अड्डा बाजार पुलिस चौकी मालामाल हो रही है। इसी क्षेत्र के मरचहवां घाट, खोरिया घाट, चकदह और सिरसिया घाट पर बालू की निकासी हो रही है।
नौतनवां थाना क्षेत्र के अड्डा बाजार एवं पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही और खनन माफियाओं में अच्छी साठगांठ है। यहां के रामनगर घाट, दोमुहान घाट, कुअहवा घाट, धोतिअहवा घाट, कजरी, सेमरा और टेढ़ी घाट में बालू खनन जोरों पर चल रहा है। रोहिन नदी के चानकी एवं राजगढ़ घाट की है। इस घाट से प्रतिदिन दर्जनों बैलगाड़ियों से बालू का खनन किया जा रहा है। खनन का खेल शाम छह बजे से शुरू हो जाता है जो देर रात तक जारी रहता है।
इन घाटों से निकाली जा रही है बालू
सदर तहसील के रोहिन नदी के चानकी, राजगढ़ घाट, नौतनवा थाना क्षेत्र के परसा, सिरसिया, कल्याणपुर, रामनगर, दोमुहाना, कुअहवा, धोतिअहवां, परसामलिक थाना क्षेत्र के बोदरवार, विस्कोप, जमुहानी, पुरुषोत्तमपुर, शीशमहल, सोनौली थाना क्षेत्र के श्यामकाट आदि घाटों से बालू की निकासी धड़ल्ले से हो रही है।
बालू खनन से बांध हो रहे कमजोर
रोहिन नदी हर वर्ष बरसात के दिनों में सैकड़ों गांव के लोगों के जीवन में तबाही लेकर आती है। बरसात एवं पहाड़ी नदियों के पानी का दबाव रोहिन के जर्जर बांध नहीं रोक पाते और टूटकर सैकड़ों गांवों में तबाही की इबारत लिखती है। कारण यह है कि बालू खनन से बांध कमजोर एवं जर्जर हो जाते हैं, जो बाढ़ के पानी का दबाव सह नहीं पाते।
बालू खनन पर पूरी तरह से रोक लगाने के लिए समय-समय पर कार्रवाई की जाती है। खनन को रोकने के लिए एक टीम गठित की गई है। पकड़े जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
-दिनेश कुमार मिश्र, उपजिलाधिकारी, सदर