भाजपा सरकार ने समाज के सभी वर्गों के लिए कार्य किया: पंकज चौधरी
जनसंवाद कार्यक्रम में सरकार की उपलब्धियों पर की चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरेंदा। भारतीय जनता पार्टी का जनसंवाद कार्यक्रम मंगलवार को क्षेत्र के करमहवां, बडहरा कन्हई, बडि़हारी, लालपुर, हड़ियाकोट,खुर्रमपुर सहित कई गांवों में हुई। जहां पर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने लोगों की समस्याएं सुनीं तथा उसके समाधान की बात कही।
केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की सरकार ने समाज के सभी वर्गों के हितों का ध्यान दिया। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी को मिला है। सरकार ने उज्ज्वला गैस कनेक्शन, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना सहित अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर सभी को लाभान्वित किया है।
सरकार गांवों को बेहतर बनाने के लिए सुंदर सड़कें बना रही है। पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह ने कहा सरकार ने गरीबों को मुफ्त शौचालय, राशन देकर लाभान्वित किया है। कार्यक्रम को श्रीप्रसाद वर्मा, विनोद प्रजापति, विनोद गुप्ता, रामउजागिर ने भी संबोधित किया।