बृजमनगंज-धानी मार्ग पर ओवरटेक करने के चक्कर में हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरेंदा/बृजमनगंज। बृजमनगंज-धानी मार्ग पर शनिवार की रात नौ बजे के करीब चार पहिया वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई। हादसे में दूसरा पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस शवों को कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, बृजमनगंज थाना क्षेत्र के बेलसड़ निवासी 30 वर्षीय अजय तीन वर्षीय बालक कन्हैया व पांच वर्षीय बेटे कृष्णा के साथ बाइक से धानी की तरफ किसी काम के सिलसिले में जा रहे थे। बंगला चौराहे के आगे अहिरावल गांव के पार ट्रैक्टर ट्रॉली को ओवरटेक के चक्कर में सामने से आ रही चार पहिया वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में पिता अजय व तीन वर्षीय बेटे कन्हैया की मौत हो गई।
दूसरा बेटा कृष्णा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल बालक को सीएचसी बृजमनगंज ले गई। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचारकके बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पिता-पुत्र की मौत की सूचना परिजनों को मिली तो कोहराम मच गया।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। घटना की सूचना परिजनों को दी गई है।