हाटा। शहर के बाघनाथ चौराहे के पास बृहस्पतिवार की देर रात सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर आई पुलिस मौजूद लोगों के सहयोग से उसे हाटा सीएचसी ले गई, डॉक्टर उसे मृत घोषित कर दिया।
महराजगंज जिले के घुघली थाना क्षेत्र के पकड़ी विशुनपुर निवासी 35 वर्षीय जावेद अहमद किसी कार्य से हाटा आए थे। काम निपटाकर देर रात वह घर लौट रहे थे। अभी वे बाघनाथ चौराहे के पास हाईवे पर पहुंचे ही थे कि अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची हाटा पुलिस उन्हें हाटा सीएचसी ले गई जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल राम सहाय चौहान ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ठोकर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।