लोटन। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अमहट निवासी बृजेश कुमार मौर्या (28) पुत्र श्रीराम मौर्या की गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम जोगियाबारी के पास हादसे में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना शाम लगभग चार बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, लोटन कोतवाली के अमहट निवासी बृजेश बाइक से नेपाल स्थित ननिहाल देवनगढि़या से एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहा था। अभी वह जोगियाबारी के पास पहुंचा था कि सामने से आ रहे एक वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में मौके पर ही बृजेश की मौत हो गई। जेब में मिले आधार से उसकी पहचान हुई और लोगों ने लोटन पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर घर में कोहराम मच गया। परिजन आनन-फानन में घटना स्थल पर पहुंच गए। पिता श्रीराम बेटे के शव को देख बेहोश हो गए। लोगों ने किसी तरह समझा-बुझाकर कर शांत किया। थानाध्यक्ष कोल्हुई ने घटना स्थल पर पहुंचकर शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए महराजगंज जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक की शादी नहीं हुई थी।
कोल्हुई थानाध्यक्ष अखिलेश सिंह ने बताया कि घटनास्थल से कार और बाइक को कब्जे में ले लिया गया है और शव को पोस्टमार्टम हाउस महराजगंज भेज दिया गया है। पीड़ित की तरफ से तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।