महराजगंज। सकल हिंदू आयोजन समिति के तत्वावधान में आगामी हिंदू सम्मेलन की तैयारियों के क्रम में सोमवार को नगर में एक विशाल बाइक यात्रा निकाली गई। यात्रा का मुख्य उद्देश्य नगर के हिंदू समाज को एकजुट करना व आगामी दिनों में आयोजित होने वाले वृहद हिंदू सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करना था।
यात्रा के माध्यम से संदेश दिया गया कि वे सम्मेलन में पहुंचकर हिंदू संस्कृति, सभ्यता एवं जीवन पद्धति के बारे में गहन जानकारी प्राप्त करें। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी तथा जय श्री राम के नारों से क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। आने वाले दिनों में हिंदू सम्मेलन को भव्य बनाने के लिए कलश यात्रा, भजन-कीर्तन यात्रा, भजन मंडली आदि कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर सदर विधानसभा के विधायक जय मंगल कन्नौजिया, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि विवेक कुमार गुप्ता, नगर प्रचारक देवेश विशाल त्रिपाठी, मयंक मणि त्रिपाठी, राहुल निषाद उपस्थित रहे।