सिसवा बाजार। कोठीभार थाना अंतर्गत ग्राम चनकौली में बिजली के खंभे में टकराने से बाइक चालक युवक की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक महराजगंज से अपने घर संडा खुर्द जा रहे थे।
ग्राम संडा खुर्द निवासी शंभु का इकलौता पुत्र सागर भारती (22) अपने मौसरे भाई देवेंद्र भारती (23) के साथ शुक्रवार की शाम महराजगंज से बाइक से लौट रहा था। जैसे ही ग्राम चनकौली के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित हो कर बिजली के खंभे से टकरा गई। जिसमें मौके पर ही सागर की मौत हो गई और उसका भाई देवेंद्र भारती गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों ने तत्काल एम्बुलेंस बुला कर दोनों को सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां डॉक्टरों ने सागर को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। अस्पताल पहुंची मृतक की मां कुसमावती पत्नी और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि मामला दुर्घटना का है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। संवाद