नेपाल के पहलवानों ने भी दांव आजमाने के लिए किया प्रतिभाग
सिसवा बाजार। महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर कस्बे के लोहिया नगर, डढौली में शिव मंदिर पर दंगल व मेले का आयोजन किया गया। इसमें महराजगंज, कुशीनगर, गोरखपुर, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली सहित पड़ोसी राष्ट्र नेपाल के पहलवानों ने दांव आजमाने के लिए प्रतिभाग किया।
दंगल का शुभारंभ सिसवा नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने पहलवानों का हाथ मिलाकर किया। पहला मुकाबला दिल्ली के बिच्छू थापा व राजस्थान के पहलवान अर्जुन थापा के बीच हुआ। बिच्छू थापा ने अर्जुन थापा को आसमान दिखाकर विजय हासिल किया। इसके बाद गोरखपुर निवासी राजदेव ने राजस्थान के अर्जुन यादव को, राजस्थान के अरविंद ने बगहां बिहार के विराट को, मंटू फरेन्दा महराजगंज ने निगम देवतहां कुशीनगर विक्की को, बेलवां घाट महराजगंज के लड्डू ने महराजगंज के शैलेष यादव को पराजित किया।
वहीं गोरखपुर के इंद्रजीत चतुर्वेदी व बगहा बिहार के शुभम व सिसवा बाजार के अभिषेक व कोहरगड्डी कुशीनगर के पंडित यादव की कुश्ती बराबरी पर छूटी। कुश्ती में निर्णायक की भूमिका रामकृपाल तिवारी ने निभाई। इस अवसर पर मंदिर समिति अध्यक्ष शैलेंद्र गिरी, कन्हैया प्रसाद, राम अधारे कन्नौजिया, पंडित अवधेश चौबे, प्रवीण सिंह, अभिमंत्रित सिंह उपस्थित रहे।