भटनी में पुल से रामलीला मैदान तक सड़क का लोकार्पण करते विधायक व अन्य।
18.29 करोड़ की लागत से बनने वाली सड़क से करीब 50 गांव के 150 लोगों की राह होगी आसान
भटनी। नोनापार जाने वाली सड़क का चौड़ीकरण का कार्य मंगलवार को शुरू हो गया। रामपुर कारखाना के विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने भूमि पूजन व शिलान्यास कर निर्माण कार्य शुरू कराया। 18 करोड़ 29 लाख की लागत से बनने वाली इस सड़क से करीब 50 गांव के लोगों की राह आसान हो जाएगी। इसकी जानकारी पर क्षेत्रीय लोगों ने खुशी जताते हुए विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया।
भटनी-नोनापार सड़क से लोग संवरेजी होकर भाटपाररानी और पयासी होकर सलेमपुर जाते है। दो तहसील को जोड़ने वाली इस सड़क के चौड़ीकरण की मांग काफी दिनों से चल रही थी। लोगों की मांग पर क्षेत्रीय विधायक ने इसे अपने कार्ययोजना में शामिल किया था। मंगलवार को रामपुर कारखाना के विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने भूमि पूजन व शिलान्यास कार्यक्रम के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया। विधायक ने कहा कि यह सड़क लंबे समय से जर्जर स्थिति में थी, जिससे आवागमन में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। अब इसके चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण से क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता शशिकांत यादव ने कहा कि 18.29 करोड़ की लागत से बनने वाली इस सड़क का निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। तय सीमा के अंदर टूलेन सड़क का निर्माण करा दिया जाएगा। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष विजय कुमार दूबे, मानवेन्द्र नाथ तिवारी, मंडल अध्यक्ष रोहित मिश्र, हितेंद्र तिवारी,अमित तिवारी, गंगेश्वर नाथ तिवारी आदि उपस्थित रहे।