महराजगंज। अघोषित बिजली कटौती, जर्जर सड़क, भूमाफिया के मुद्दे पर बृहस्पतिवार को भाकियू के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने डीएम को ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई कर रहे यूनियन के जिलाध्यक्ष राम अशीष ने कहा कि लगातार हो रही बिजली कटौती से किसानों, व्यापारियों और जनता परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। धान की रोपाई और अन्य कृषि कार्यों के दौरान पर्याप्त बिजली न मिलने से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उन्होंने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग की।
जिले के कई प्रमुख मार्गों की स्थिति खराब हो चुकी है। जगह-जगह गड्ढे होने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है और लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। संगठन ने जर्जर सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की। इस दौरान भाकियू के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश चंद साहनी, परशुराम यादव, मनोज कुमार, महेंद्र पासवान, शंभूनाथ तथा ओमप्रकाश मौर्य आदि मौजूद रहे।